News & Events
Departmental news and upcoming events, most recent first.
News
कलेक्टोरेट में शुरू हुआ सेवा सेतु केंद्र, एक ही छत तले मिलेंगी 900 से अधिक सेवाएं
09 Oct 2026
मुख्य बिंदु:
• एक ही छत के नीचे 900+ सेवाएं: केंद्र में आरटीओ, श्रम और कृषि विभाग सहित कई विभागों की 900 से अधिक डिजिटल और नागरिक सेवाएं एक ही जगह उपलब्ध कराई जा रही हैं।
• जरूरी दस्तावेज और योजनाएं: यहाँ जाति, आय, निवास प्रमाण पत्र, पासपोर्ट आवेदन और आधार से जुड़ी सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही बुजुर्गों की पेंशन प्रक्रिया और महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना के आवेदन की सुविधा भी शामिल है।
• बैंकिंग और छात्रों के लिए सुविधा: केंद्र में एसबीआई कियोस्क और सीएससी ऑपरेटर्स के जरिए पैसे जमा करने और निकालने की व्यवस्था है। इसके अलावा, 9वीं से 12वीं के छात्रों तथा आईटीआई/पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों के लिए टीसी (TC) और अंकसूची जैसी सेवाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं।
• दिव्यांगों के लिए विशेष व्यवस्था: परिसर में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए रैंप, व्हीलचेयर, वेटिंग रूम, पेयजल और शौचालय का उचित प्रबंध किया गया है।
• जमीनी नेटवर्क: इस मुख्य केंद्र के अलावा, जिले की ग्राम पंचायतों और शहरी वार्डों में 450 से अधिक निजी सेवा केंद्र सक्रिय हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों तक इन डिजिटल सेवाओं को पहुंचाया जा सके।
News
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय सेवा सेतु शिविर एवं आधार काउंटर के माध्यम से हितग्राहियों की समस्याओं का किया गया समाधान
01 Oct 2026
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में ब्लॉक स्तरीय सेवा सेतु शिविर एवं आधार काउंटर का आयोजन किया गया। शिविरों में हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ सहज एवं सुगम रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऑपरेटरों की ड्यूटी लगाई गई।
शिविर के दौरान सेवा सेतु पोर्टल से संबंधित सेवाओं, ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेज संबंधी प्रक्रियाओं तथा आधार से जुड़ी समस्याओं के निराकरण के लिए हितग्राहियों को आवश्यक सहायता एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ऑपरेटरों द्वारा मौके पर ही प्राप्त समस्याओं का निराकरण करते हुए हितग्राहियों को शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
इस पहल से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के हितग्राहियों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं की सुविधा प्राप्त हुई तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया गया।
News
विद्यालयों में स्थानांतरण प्रमाण पत्र ऑनलाइन जारी किए जाने हेतु प्राचार्यों को दिया गया प्रशिक्षण
28 Sep 2026
शासन की महत्वाकांक्षी योजना सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विभिन्न विभागों के 900 से अधिक सेवाओं को ऑनलाइन एक ही प्लेटफार्म के माध्यम से ऑनलाइन प्रदान किया जा रहा है। इसके तहत जिला ई गवर्नेंस चिप्स विभाग द्वारा आकांक्षा परिसर जांजगीर में शिक्षा विभाग के सेवा सेतु पोर्टल से ऑनलाइन किए गए सेवा ट्रांसफर सर्टिफिकेट (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) आवेदन फॉर्म ऑनलाइन सेवा के संबंध में समस्त प्राचार्य हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूल को प्रशिक्षण दिया गया।
ई जिला प्रबंधक सुनील कुमार साहू ने बताया कि अब से कक्षा 9वीं से 12 वीं तक के विद्यार्थियों को स्थानांतरण प्रमाण पत्र सेवा सेतु पोर्टल से प्राचार्यों द्वारा ऑनलाइन जारी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु पोर्टल का मुख्य उद्देश्य हितग्राहियों को बिना कार्यालय जाए समय सीमा में सुलभ, सरल एवं पारदर्शी सेवा प्रदान करना है। वर्तमान में कई विभाग जैसे शिक्षा,रेशम,खादी ग्रामोद्योग, लोक निर्माण विभाग,लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पंचायत, राजस्व, गृह, पशुपालन, मछली पालन, उद्यानिकी, कृषि, आई टी आई, पॉलिटेक्निक कॉलेज सहित कई विभागों के 900 से अधिक सेवाओं को एक ही पोर्टल के अंतर्गत ऑनलाइन प्रदाय किया जा रहा है।
News
सेवा सेतु की नवीन सेवाओं के संबंध में जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ऑपरेटरों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया
16 Sep 2026
जिले के समस्त संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ऑपरेटरों को सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध नवीन सेवाओं एवं उनके संचालन की प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान नवीन सेवाओं के ऑनलाइन संचालन, आवेदन प्रक्रिया एवं पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को सेवाएं उपलब्ध कराने संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई।
News
जांजगीर-चांपा : कलेक्टर-एसपी ने किया जांजगीर-चांपा में आधुनिक आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ
02 Sep 2026
जिले के नागरिकों को सप्ताह के सातों दिन एक ही स्थान पर मिलेंगी आधार संबंधी सेवाएं
नामांकन, डेमोग्राफिक एवं बायोमेट्रिक अपडेट सहित विभिन्न आधार सेवाओं की मिलेगी सुविधा
जांजगीर-चांपा, 02 सितंबर 2026
जिले के नागरिकों को आधार से संबंधित सेवाएं त्वरित, सुगम एवं सुविधाजनक रूप से उपलब्ध कराने की दिशा में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय ने आज जांजगीर-चांपा में नवस्थापित आधुनिक आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। इस केंद्र के प्रारंभ होने से जिले के नागरिकों को सप्ताह के सातों दिन एक ही स्थान पर आधार नामांकन एवं आधार संबंधी विभिन्न अपडेट सेवाओं की सुविधा उपलब्ध होगी। शुभारंभ के पश्चात कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने आधार सेवा केंद्र का निरीक्षण कर यहां उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर ईडीएम श्री सुनील कुमार साहू, प्रोजेक्ट मैनेजर श्री ख़ुर्शीद आलम, बीएलएस इंटरनेशनल के क्लस्टर मैनेजर एवं ऑपरेशन मैनेजर श्री रमेश लाल नामदेव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि जिले में कलेक्टोरेट परिसर, सभी तहसीलों, एसडीएम कार्यालयों एवं जनपद पंचायतों में आधार संबंधी सेवाएं संचालित की जा रही हैं। यूआईडीएआई द्वारा डेडिकेटेड आधार सेवा केंद्र प्रारंभ किए जाने से नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को और अधिक सुविधा मिलेगी। नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों तथा सेवाएं अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि आधार सेवा केंद्र में नागरिक अपनी डेमोग्राफिक जानकारी के साथ-साथ बायोमेट्रिक जानकारी भी अपडेट करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि आधार में दर्ज जानकारी को समय-समय पर अद्यतन रखना आवश्यक है। इस प्रकार की सुविधाओं से विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं के क्रियान्वयन में भी सुविधा एवं तेजी आएगी।
नवस्थापित आधार सेवा केंद्र आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जहां नागरिकों को आधार नामांकन, डेमोग्राफिक अपडेट, बायोमेट्रिक अपडेट एवं अन्य आवश्यक आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध होंगी। केंद्र के प्रारंभ होने से जिले के नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता कम होगी तथा उनके समय एवं संसाधनों की बचत होगी।
आधार सेवा केंद्र में उपलब्ध प्रमुख सेवाएं
नया आधार नामांकन - बच्चों एवं वयस्कों के लिए नया आधार नामांकन, बायोमेट्रिक अपडेट - फिंगरप्रिंट, आईरिस स्कैनिंग एवं फोटो अपडेट की सुविधा, डेमोग्राफिक अपडेट - नाम, पता, मोबाइल नंबर एवं जन्मतिथि सहित आवश्यक जानकारी में सुधार एवं अपडेट, दस्तावेज अपडेट - पहचान एवं पते के प्रमाण से संबंधित आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन एवं अपडेट, बच्चों के लिए आधार सेवाएं - निर्धारित आयु के अनुसार आवश्यक अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा।
सप्ताह के सातों दिन मिलेगी सुविधा
आधार सेवा केंद्र सोमवार से रविवार तक सप्ताह के सातों दिन प्रातः 9.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक संचालित रहेगा। नागरिक सीधे केंद्र पहुंचकर अथवा उपलब्ध सुविधा के अनुसार ऑनलाइन स्लॉट बुक कर आधार संबंधी सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।
केंद्र का पता
दुकान क्रमांक 18, डी.डी. प्लाजा, एसडीएम कार्यालय के सामने, कचहरी चौक, वार्ड क्रमांक 23, जांजगीर-चांपा, छत्तीसगढ़ 495668 है।